देहरादून। उत्तराखंड में प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी (PMAY-U) के तहत जरूरतमंद परिवारों को पक्की छत देने की कवायद तेज हो गई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में चल रही योजना के तहत प्रदेश में 15,496 आवासीय इकाइयों का निर्माण किया जा रहा है। इनमें से करीब 84 फीसदी यानी 12,948 मकानों का निर्माण पूरा हो चुका है। सरकार का लक्ष्य है कि दिसंबर तक 15 हजार से अधिक परिवारों को उनके अपने पक्के घर की सौगात मिल जाए।
आवास विभाग ने लंबित आवासीय परियोजनाओं को तेजी से पूरा करने के लिए कार्यदायी संस्थाओं को 30 सितंबर 2026 तक हर हाल में निर्माण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए हैं। इसके बाद पात्र लाभार्थियों को आवास उपलब्ध कराने की प्रक्रिया को गति दी जाएगी।
15,496 घरों पर चल रहा काम, 12,948 तैयार
प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी के तहत प्रदेश में कुल 18 परियोजनाओं के माध्यम से 15,496 आवासीय इकाइयों का निर्माण कराया जा रहा है। सचिव आवास डॉ. आर. राजेश के अनुसार इनमें से 12,948 आवासों का निर्माण पूरा हो चुका है।
अब तक 1,271 आवासों की चाबियां लाभार्थियों को सौंपी जा चुकी हैं। इनमें 768 लाभार्थी रुड़की और 503 लाभार्थी हरिद्वार के हैं। सरकार का फोकस अब उन आवासीय परियोजनाओं पर है, जिनका निर्माण किसी कारण से अभी पूरा नहीं हुआ है। विभाग ने संबंधित कार्यदायी संस्थाओं को निर्धारित समयसीमा के भीतर काम पूरा करने के निर्देश दिए हैं।
ऊधमसिंह नगर में सबसे ज्यादा 10,200 आवास
PMAY-Urban के तहत सबसे अधिक आवास ऊधमसिंह नगर जिले में बनाए जा रहे हैं। यहां कुल 10,200 आवासीय इकाइयों का निर्माण प्रस्तावित है। रुद्रपुर हाउसिंग स्कीम में 1,872 आवास तैयार हो चुके हैं। इसके अलावा भवानीपुर जसपुर में 1,264, उकरौली-1 सितारगंज में 1,168, उकरौली-2 सितारगंज में 864, कनकपुर काशीपुर में 1,256, मटकोटा रुद्रपुर में 928 और श्यामनगर गदरपुर में 928 आवास बनाए जा रहे हैं।
इसी तरह महुवाखेड़ागंज में 824, मानपुर काशीपुर में 512 और गंगापुर गोसाल काशीपुर में 584 आवासीय इकाइयां पात्र लाभार्थियों को उपलब्ध कराई जाएंगी।
हरिद्वार में 4,528 आवासों का निर्माण
हरिद्वार जिले में कुल 4,528 आवासीय इकाइयों का निर्माण किया जा रहा है। इनमें मंगलौर में 544, झब्बरपुर में 448, अन्नेखी में 1,152, बेल्दी-बेलड़ी रुड़की में 1,088, शिकारपुर में 768 और इंद्रलोक आवासीय योजना में 528 आवास शामिल हैं।
इन परियोजनाओं के पूरा होने के बाद बड़ी संख्या में आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद परिवारों को अपना पक्का घर मिल सकेगा।
नैनीताल में 528 आवास पूरे, देहरादून में भी काम जारी
नैनीताल जिले के उम्मेदनगर, रामनगर में PMAY-Urban के तहत बनाए जा रहे सभी 528 आवासों का निर्माण पूरा हो चुका है।
वहीं देहरादून जिले में धौलास हाउसिंग स्कीम के तहत कुल 240 आवास बनाए जा रहे हैं। इनमें से 180 आवासों का निर्माण पूरा हो चुका है।
राज्य सरकार की हिस्सेदारी भी बढ़ेगी
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मंत्र के अनुरूप सरकार विकास योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना गरीब और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए केवल घर उपलब्ध कराने की योजना नहीं है, बल्कि यह उनके सम्मान, सुरक्षा और बेहतर भविष्य की मजबूत नींव है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में हजारों परिवारों को योजना का सीधा लाभ मिला है।
पात्र परिवारों को आवास निर्माण में और मदद देने के लिए राज्य सरकार ने योजना में अपनी हिस्सेदारी 50 हजार रुपये से बढ़ाकर 75 हजार रुपये करने का निर्णय लिया है।
दिसंबर तक हजारों परिवारों को मिलेगी पक्की छत
उत्तराखंड सरकार की कोशिश है कि PMAY-Urban के तहत निर्माणाधीन आवासीय परियोजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा कर लाभार्थियों को जल्द से जल्द घर उपलब्ध कराया जाए। यदि निर्धारित समयसीमा के अनुसार निर्माण कार्य पूरा होता है, तो दिसंबर 2026 तक 15 हजार से अधिक परिवारों को अपने पक्के घर की सौगात मिलने की उम्मीद है।
सरकार का लक्ष्य इसे केवल आवास निर्माण तक सीमित रखने के बजाय पात्र परिवारों को सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन का आधार उपलब्ध कराने से जोड़कर देखा जा रहा है।






