देहरादून। उत्तराखंड भाजपा प्रसिद्ध उद्योगपति डॉ. केएस पंवार को राज्यसभा का उम्मीदवार बना सकती है। एकाएक न सिर्फ उनका नाम चर्चा में आया है बल्कि इससे दिल्ली से लेकर देहरादून तक सरगर्मियां भी बढ़ गई हैं। पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत के औद्योगिक सलाहकार की जिम्मेदारी निभा चुके डा. पंवार मूलतः रुद्रप्रयाग के निवासी हैं, जिनकी गिनती प्रदेश के प्रमुख उद्योगपतियों में होती है।
पार्टी सूत्रों के अनुसार, दिल्ली में उनके नाम को लेकर एकाएक चर्चा तेज हो गई है। बताया जा रहा है कि पार्टी के कुछ शीर्ष नेताओं ने उनके नाम को आगे किया है। पार्टी आज राज्यसभा के लिए प्रत्याशी का नाम घोषित कर सकती है। उनकी संभावित उम्मीदवारी से देहरादून में भी राजनीतिक पारा हाई हो गया है। हालांकि अभी अंतिम रूप से पार्टी की तरफ से इसको लेकर कोई बयान नहीं आया है।
रुद्रप्रयाग से संबंध, मुंबई में कारोबारी सफर
डॉ. केएस पंवार का पूरा नाम कुंवर सिंह पंवार है। वह रुद्रप्रयाग जिले के ऊखीमठ क्षेत्र के गैड़ गांव से हैं। उन्होंने मुंबई को अपने कारोबारी जीवन का प्रमुख केंद्र बनाया और अपनी मेहनत के दम पर शीर्ष उद्योगपतियों में अपनी जगह बनाई।
नौकरी से शुरूआत, उद्यमिता से पहचान
उन्होंने केमट्रीट इंडिया लिमिटेड में प्रोजेक्ट मैनेजर के रूप में करियर शुरू किया। इसके बाद 1999 में पॉलिगन केमिकल्स प्राइवेट लिमिटेड की स्थापना की। उनके व्यवसाय का संबंध निर्माण क्षेत्र में इस्तेमाल होने वाले केमिकल उत्पादों से रहा है। इसके साथ ही सोशल फाइनेंस समेत कई कंपनियों के वह चेयरमैन हैं।
पैतृक गांव में बागवानी की पहल
मुंबई और देहरादून समेत देश के कई क्षेत्रों में उनका कारोबार फैला हुआ है। उसके बावजूद उनका अपने गांव से प्रेम बना हुआ है। वह नियमित रूप से अपने गांव आते रहते हैं। उन्होंने अपने गांव में सेब का बगीचा भी विकसित किया है।






