देहरादून। ‘समान कार्य–समान वेतन’ को लेकर राज्य कैबिनेट द्वारा लिए गए निर्णय के बाद उपनल कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री आवास पहुंचकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात की और सरकार के फैसले के प्रति आभार जताया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उपनल के माध्यम से कार्यरत कर्मी राज्य की प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूती प्रदान कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार कर्मचारियों से जुड़े विषयों को प्राथमिकता के साथ देख रही है और उपनल कर्मियों के अधिकारों, सम्मान तथा भविष्य की सुरक्षा के लिए निरंतर कदम उठा रही है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि यह फैसला सरकार की कर्मचारी हितैषी सोच का प्रतिबिंब है।
भेंट के दौरान उपनल कर्मचारी महासंघ, उत्तराखंड के अध्यक्ष विनोद गोदियाल, प्रदेश महामंत्री विनय प्रसाद समेत अजय डबराल, मीना रौथाण, रमेश डोभाल, योगेश बडोनी, शैलेंद्र पंवार, अनिल जुयाल, प्रदीप कश्यप और संजय पाल मौजूद रहे।






