देहरादून। हाईकोर्ट से राहत मिलने के बाद राज्य निर्वाचन आयोग ने त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव का संशोधित कार्यक्रम जारी कर दिया है। चुनाव पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुरूप दो चरणों में होगा। पहले चरण और दूसरे चरण में जिन ब्लॉक में चुनाव होना है, वह भी पूर्व में जारी कार्यक्रम के अनुसार ही रहेंगे। उनमें भी किसी तरह का बदलाव नहीं किया गया है।
शनिवार को राज्य निर्वाचन आयोग ने नया चुनाव कार्यक्रम जारी किया। इसके अनुसार, पहले और दूसरे चरणों की नामांकन, नामांकन पत्रों की जांच व नाम वापसी की तिथियां समान रहेंगीं। दो से पांच जुलाई तक नामांकन होंगे। सात से नौ जुलाई तक नामांकन पत्रों की जांच होगी जबकि 10 व 11 जुलाई को नाम वापस लिए जा सकेंगे। पहले चरण के लिए 14 जुलाई और दूसरे चरण के लिए 18 जुलाई को चुनाव चिन्ह आवंटित किए जाएंगे। पहले चरण का मतदान 24 जुलाई और दूसरे चरण का मतदान 28 जुलाई को होगा। दोनों चरणों की मतगणना 31 जुलाई को होगी, जिसकी समाप्ति पर परिणामों की घोषणा की जाएगी।
पहले चरण में इन ब्लॉक में होगा चुनाव
जिला- ब्लॉक
अल्मोड़ा – ताकुला, धौलादेवी, ताड़ीखेत, भैंसियाछाना, लमगड़ा और चौखुटिया
उधमसिंहनगर- खटीमा, सितारगंज, गदरपुर व बाजपुर
चम्पावत- लोहाघाट व पाटी
पिथौरागढ़- धारचूला, डीडीहाट, मुनस्यारी व कनालीछीना
नैनीताल- बेतालघाट, ओखलकांडा, रामगढ़ व धारी
बागेश्वर- बागेश्वर, गरूड़ व कपकोट
उत्तरकाशी- मोरी, पुरोला व नौगांव
चमोली- देवाल, थराली, ज्योतिर्मठ व नारायणबगड़
टिहरी गढ़वाल- जौनपुर, प्रतापनगर, जाखणीधार, थौलधार व भिलंगना
देहरादून- चकराता, कालसी व विकासनगर
पौड़ी गढ़वाल- खिर्सू, पाबौ, थलीसैंण, नैनीडांडा, बीरौंखाल, रिखणीखाल, एकेश्वर व पोखड़ा
रूद्रप्रयाग- ऊखीमठ, जखोली व अगस्त्यमुनि
दूसरे चरण में इन ब्लॉक में होगा चुनाव
जिला- ब्लॉक
अल्मोड़ा- सल्ट, स्याल्दे, भिकियासैंण, हवालबाग व द्वाराहाट
उधमसिंहनगर- रूद्रपुर, काशीपुर व जसपुर
चंपावत- चंपावत व बाराकोट
पिथौरागढ़- विण, मूनाकोट, बेरीनाग व गंगोलीहाट
नैनीताल- हल्द्वानी, रामनगर, भीमताव व कोटाबाग
उत्तरकाशी- डुंडा, चिन्यालीसौड़ व भटवाड़ी
चमोली- पोखरी, दशोली, नंदानगर, कर्णप्रयाग व गैरसैंण
टिहरी गढ़वाल- कीर्तिनगर, देवप्रयाग, नरेंद्रनगर व चंबा
देहरादून- डोईवाला, रायपुर व सहसपुर
पौड़ी गढ़वाल- यमकेश्वर, जयहरीखाल, दुगड्डा, द्वारीखाल, पौड़ी, कोट व कल्जीखाल
66418 पदों पर होगा चुनाव
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में कुल चार पद हैं, जिन पर 66418 प्रतिनिधियों का चुनाव होगा। सदस्य ग्राम पंचायत के 55,587, प्रधान ग्राम पंचायत के 7,499, सदस्य क्षेत्र पंचायत के 2,974 और सदस्य जिला पंचायत के 358 पदों पर चुनाव होगा। इसके लिए प्रदेश में कुल 8276 मतदान केंद्र और 10529 मतदान स्थल बनाए जाएंगे। 23 लाख 10 हजार 996 स्त्री, 24 लाख, 65 हजार 702 पुरुष और 374 अन्य मतदाता चुनाव में मतदान करेंगे। 2019 की तुलना में चार लाख, 56 हजार 793 ज्यादा मतदाता इस बार प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे।
चुनाव खर्च की सीमा में बढ़ोत्तरी
निर्वाचन आयोग ने चार में से तीन पदों के लिए चुनाव की अधिकतम खर्च की सीमा में बढ़ोत्तरी की है। सदस्य ग्राम पंचायत प्रत्याशी पहले की तरह अधिकतम 10 हजार रुपये चुनाव में खर्च कर सकेंगे। प्रधान पद के प्रत्याशी अब 75 हजार रुपये तक खर्च कर सकेंगे, पहले यह धनराशि अधिकतम 50 हजार रुपये तय थी। क्षेत्र पंचायत सदस्य भी 25 हजार की बढ़ोत्तरी के साथ 75 हजार रुपये तक खर्च कर सकेंगे। वहीं, जिला पंचायत सदस्यों के चुनाव खर्च की अधिकतम सीमा पहले एक लाख 40 हजार थी, जिसमें 60 हजार की बढ़ोत्तरी की गई है। अब यह प्रत्याशी दो लाख रुपये तक चुनाव में खर्च कर सकेंगे।
चार अलग-अलग रंगों के होंगे बैलेट पेपर
पंचायत चुनाव के लिए पदवार चार अलग-अलग रंगों के बैलेट पेपर होंगे। राज्य निर्वाचन आयुक्त सुशील कुमार ने बताया कि सदस्य ग्राम पंचायत के लिए सफेद, प्रधान के लिए हरा, क्षेत्र पंचायत सदस्य के लिए नीला और जिला पंचायत सदस्य के लिए गुलाबी रंगा का बैलेट पेपर होगा।
सार्वजनिक होगा चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशियों का ब्योरा
लोकसभा और विधानसभा चुनावों की तर्ज पर पंचायत चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशियों का ब्योरा भी सार्वजनिक होगा। क्षेत्र पंचायत और जिला पंचायत सदस्य पद पर चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशियों के शपथ पत्र और घोषणा पत्र संबंधित जिले की वेबसाइट पर अपलोड किए जाएंगे, जिन्हें कोई भी देख सकेगा।






