देहरादून। मोनाल कप 2025 के तहत 09 दिसंबर को महाराणा प्रताप क्रिकेट ग्राउंड में खेले गए दोनों मुकाबले दर्शकों के लिए रोमांच से भरपूर रहे। पहले मैच में सचिवालय हरिकेन ने लायंस को 44 रनों से पराजित किया, जबकि दूसरे मुकाबले में सचिवालय ईगल्स ने सचिवालय राइजिंग को 12 रनों से हराकर जीत दर्ज की।
पहले मुकाबले में सचिवालय हरिकेन ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवरों में 9 विकेट के नुकसान पर 139 रन बनाए। विनोद शर्मा ने 43 और ओमीश कुमार ने 31 रनों की उपयोगी पारी खेली। लायंस की ओर से माधव नौटियाल ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट चटकाए। जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी लायंस की टीम 95 रनों पर सिमट गई। माधव नौटियाल ने 30 और धीरेन्द्र सिंह ने 22 रन बनाए, लेकिन कोई भी बल्लेबाज टिककर नहीं खेल सका। हरिकेन की ओर से ओमीश कुमार ने 4 और सुनील ने 3 विकेट लिए। हरिकेन ने यह मुकाबला 44 रनों से अपने नाम किया। ओमीश कुमार को उनके हरफनमौला प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया।
दूसरे मुकाबले में सचिवालय ईगल्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवरों में 5 विकेट पर 183 रनों का मजबूत स्कोर खड़ा किया। भूपेंद्र बिष्ट ने शानदार 63 और सुशील ने 61 रनों की आकर्षक पारी खेली। सचिवालय राइजिंग की ओर से अजय सिंह ने 2 विकेट हासिल किए। लक्ष्य का पीछा करते हुए राइजिंग की टीम 171 रन ही बना सकी। शुभम ने 52 रनों की संघर्षपूर्ण पारी खेली, जबकि ईगल्स की ओर से हिमांशु नेगी ने 2 विकेट झटके। इस तरह सचिवालय ईगल्स ने यह मुकाबला 12 रनों से जीत लिया। सुशील को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया। टूर्नामेंट के आयोजकों के अनुसार अब प्रतियोगिता का रोमांच और बढ़ने वाला है, क्योंकि कल से क्वार्टर फाइनल मुकाबले शुरू हो जाएंगे।






