देहरादून। नदियों और नदी किनारों पर कूड़ा डालने वालों के खिलाफ अब सीधे FIR दर्ज होगी। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने शहरी निकायों को अवैध डंपिंग साइट तुरंत चिह्नित करने, जिम्मेदार एजेंसियों पर कार्रवाई करने और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन में किसी भी तरह की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए हैं।
पांच सितंबर को हुई बैठक में डीएम ने सभी उप जिलाधिकारियों, नगर निगम, नगर पालिकाओं और नगर पंचायतों के अधिकारियों को सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों का सख्ती से अनुपालन कराने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि शहर में किसी भी स्थान पर अनधिकृत रूप से कूड़ा डंप नहीं होना चाहिए।
अवैध डंपिंग पर तय होगी एजेंसी की जिम्मेदारी
जिलाधिकारी ने निकायों को डंपिंग यार्ड का नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए। जहां भी अवैध रूप से कूड़ा डंप किया जा रहा है, उस स्थान को तत्काल चिह्नित कर वहां काम कर रही एजेंसी की जवाबदेही तय की जाएगी। लापरवाही मिलने पर सख्त कार्रवाई होगी।
नदी में कूड़ा फेंकने वालों पर नजर, संवेदनशील जगहों पर लगेंगी जालियां
डीएम ने नदियों और नदी किनारों पर कूड़ा डालने की घटनाओं को गंभीर बताया। उन्होंने कहा कि ऐसे स्थानों पर निगरानी बढ़ाई जाए और कूड़ा फेंकने वालों को पकड़कर उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई जाए।
जिन स्थानों पर नदियों में कूड़ा डाले जाने की आशंका अधिक है, वहां जालियां लगाकर सुरक्षा और निगरानी की व्यवस्था की जाएगी। सेप्टिक टैंकरों की भी नियमित जांच होगी। टैंकरों से निकलने वाले मल का उपचार तय एसटीपी में कराने के बाद ही निस्तारण किया जाएगा।
बड़े कचरा उत्पादकों को भी किया जाएगा चिह्नित
डीएम ने शहरी क्षेत्रों में बल्क वेस्ट जनरेटरों की पहचान के निर्देश दिए हैं। इन संस्थानों और प्रतिष्ठानों में गीले व सूखे कचरे का अलग-अलग संग्रह और नियमानुसार निस्तारण सुनिश्चित कराया जाएगा। निकाय अधिकारियों को कूड़ा प्रबंधन व्यवस्था की नियमित निगरानी करने को कहा गया है।
उप जिलाधिकारी अपर्णा ढौंडियाल ने बताया कि सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियमों के पालन के लिए प्रकोष्ठ गठित किया गया है। न्यायालय के आदेश नगर निगम, नगर पालिका, नगर पंचायत, जिला पंचायत और छावनी परिषद के निर्वाचित प्रतिनिधियों व पार्षदों को उपलब्ध कराए जा चुके हैं।
उन्होंने कहा कि बल्क वेस्ट जनरेटरों को चिह्नित करने की कार्रवाई जारी है। निकायों को प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारियों और संबंधित सदस्यों के साथ डंपिंग साइटों का संयुक्त निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए हैं। कूड़ा प्रबंधन कार्यों के फोटोग्राफिक साक्ष्य हर महीने निर्धारित पोर्टल पर अपलोड किए जाएंगे।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) केके मिश्रा, उप जिलाधिकारी अपर्णा ढौंडियाल समेत सभी उप जिलाधिकारी और शहरी निकायों के अधिकारी मौजूद रहे।