देहरादून। रायपुर थाना क्षेत्र में 72 वर्षीय रेखा बंसल की हत्या के मामले में पुलिस ने 12 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, बंसल परिवार की बुक शॉप में हेल्पर का काम करने वाले विनीत कुमार ने बकाया मजदूरी के पैसे मांगने को लेकर हुए विवाद के बाद महिला की हत्या की। वारदात के बाद वह महिला के हाथ से सोने का कड़ा लेकर भाग गया था।
तीन सितंबर को दिनेश बंसल ने 112 कंट्रोल रूम को सूचना दी कि उनकी पत्नी रेखा बंसल घर में अचेत पड़ी हैं और चेहरे पर चोट के निशान हैं। सूचना मिलते ही रायपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को अस्पताल भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून भी घटनास्थल पर पहुंचे और पुलिस अधिकारियों को जल्द खुलासे के निर्देश दिए। पुलिस ने एफएसएल टीम की मदद से मौके से साक्ष्य जुटाए और मृतका के पति की तहरीर पर रायपुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया।
स्कूटी लेकर घर पहुंचा, अकेली महिला को बनाया निशाना
पुलिस जांच के अनुसार, आरोपी विनीत कुमार करीब 15 साल से बंसल परिवार को जानता था। वह डिस्पेंसरी रोड स्थित उनकी बुक शॉप में हेल्पर था और रिंग रोड के एक गेस्ट हाउस में सुरक्षा गार्ड के तौर पर भी काम करता था।
पुलिस का कहना है कि घटना वाले दिन विनीत, बंसल की स्कूटी लेकर घर पहुंचा। उसे घर के पीछे के दरवाजे की जानकारी थी और वह उसी रास्ते अंदर गया। उस समय रेखा बंसल घर में अकेली थीं। मजदूरी के बकाया पैसे को लेकर दोनों में बहस हुई, जिसके बाद आरोपी ने हाथ में पहने कड़े से महिला के चेहरे पर वार किया।
शोर मचाने पर मुंह-नाक दबाने का आरोप
पुलिस के मुताबिक, चोट लगने के बाद महिला ने शोर मचाया तो आरोपी पकड़े जाने से घबरा गया। आरोप है कि उसने महिला का मुंह और नाक दबा दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। इसके बाद आरोपी ने महिला के हाथ से सोने का कड़ा निकाला और फरार हो गया।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर महिला का कड़ा, वारदात में इस्तेमाल किया गया उसका कड़ा और मोबाइल फोन बरामद करने का दावा किया है।
सीसीटीवी और सर्विलांस से मिला सुराग
हत्या के खुलासे के लिए रायपुर थाना पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, सर्विलांस की मदद ली और मुखबिर तंत्र सक्रिय किया। जांच के बाद पुलिस ने विनीत कुमार को रिंग रोड स्थित त्रिलोक गेस्ट हाउस के पास से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी विनीत कुमार, पुत्र घपल्या लाल, मूल रूप से मंजयाली गांव, तहसील नौगांव, बड़कोट, उत्तरकाशी का रहने वाला है। पुलिस ने उसके खिलाफ बीएनएस की धारा 103(1), 309(4) और 117(2) के तहत कार्रवाई की है।
मामले के त्वरित खुलासे पर आईजी गढ़वाल परिक्षेत्र ने पुलिस टीम के लिए पांच हजार रुपये और एसएसपी देहरादून ने 2500 रुपये के पुरस्कार की घोषणा की है।






