देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को मुख्यमंत्री आवास से आगामी आदि कैलाश परिक्रमा रन (अल्ट्रा मैराथन) के प्रोमो रन का फ्लैग ऑफ किया और इसका आधिकारिक लोगो जारी किया। राज्य स्थापना के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 2 नवंबर 2025 को पिथौरागढ़ जनपद के गूंजी गांव से इस मैराथन का आयोजन किया जाएगा। यह दौड़ 10,300 से 15,000 फीट की ऊंचाई पर आयोजित होगी, जिसे साहसिक और शीतकालीन पर्यटन को बढ़ावा देने, युवाओं को स्वस्थ जीवन शैली अपनाने और नशामुक्त उत्तराखंड की दिशा में एक पहल बताया गया है।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य स्थापना के रजत जयंती वर्ष में व्यास घाटी में होने वाली यह मैराथन सीमावर्ती क्षेत्रों के सामाजिक-आर्थिक विकास, पलायन रोकने, युवाओं को रोजगार से जोड़ने और पर्यटन इन्फ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाएगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह की वाइब्रेंट विलेज योजना को गति देने में भी यह आयोजन मील का पत्थर साबित होगा।
सीएम ने इसे केवल खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि सीमांत क्षेत्रों की पहचान, स्थानीय लोगों को सम्मान और होम-स्टे एवं पर्यटन क्षेत्र में स्थायी रोजगार का सशक्त माध्यम करार दिया। उन्होंने कहा कि इससे राज्य की प्राकृतिक और सांस्कृतिक धरोहर को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलेगी। रविवार को आयोजित प्रोमो रन में प्रदेशभर से बच्चों, युवाओं और विभिन्न आयु वर्ग के प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। दौड़ का समापन उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद कार्यालय में हुआ।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, आईजी आईटीबीपी संजय गुंज्याल, अपर सचिव पर्यटन अभिषेक रूहेला, पूजा गर्ब्याल सहित बड़ी संख्या में प्रतिभागी मौजूद रहे।
शीर्ष तीन विजेता होंगे मुख्य मैराथन में शामिल
पर्यटन सचिव धीराज गर्ब्याल ने बताया कि 10 किलोमीटर दूरी की इस प्रतियोगिता के शीर्ष तीन विजेताओं को दोनवंबर को गुंजी में होने वाली मुख्य मैराथन में प्रतिभाग का अवसर मिलेगा। इस आयोजन की पाँच श्रेणियाँ तय की गई हैं—60 किमी अल्ट्रा रन, 42 किमी फुल मैराथन, 21 किमी हाफ मैराथन, 10 किमी रन और 5 किमी रन। इनमें देशभर के एथलीट भाग लेंगे। उन्होंने आगे बताया कि इस आयोजन की सफलता के बाद जून 2026 में माणा-नीति क्षेत्र में अगली मैराथन प्रस्तावित है। व्यास और नीति घाटी में होने वाली इस दौड़ में विजेताओं के लिए कुल ₹50 लाख की पुरस्कार राशि रखी जाएगी।
प्रतियोगिता के मुख्य आकर्षण
-
तारीख व स्थान: दो नवंबर 2025, गूंजी गांव (पिथौरागढ़)
-
ऊंचाई: 10,300–15,000 फीट पर अल्ट्रा मैराथन
-
पाँच श्रेणियाँ:
-
60 किमी (अल्ट्रा रन)
-
42 किमी (फुल मैराथन)
-
21 किमी (हाफ मैराथन)
-
10 किमी रन
-
5 किमी रन
-
-
अगला आयोजन: जून 2026, माणा–नीति घाटी
-
पुरस्कार राशि: कुल ₹50 लाख
-
उद्देश्य: पर्यटन को बढ़ावा, सीमांत क्षेत्रों का विकास, नशामुक्त उत्तराखंड, युवाओं को रोजगार






