Sunday, September 13, 2026
Home देश-दुनिया खुशखबरीः अयोध्या में बनेगा उत्तराखंड का भव्य अतिथि गृह, रुद्रपुर को मिलेगा...

खुशखबरीः अयोध्या में बनेगा उत्तराखंड का भव्य अतिथि गृह, रुद्रपुर को मिलेगा आधुनिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स

देहरादून। उत्तराखंड सरकार अयोध्या में प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान को नया मंच देने और रुद्रपुर में खिलाड़ियों को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में दो बड़ी परियोजनाओं पर काम कर रही है। अयोध्याधाम में करीब 67.83 करोड़ रुपये की लागत से उत्तराखंड राज्य अतिथि गृह बनाने की तैयारी है। वहीं, रुद्रपुर के मोदी मैदान में 2332.05 लाख रुपये की संशोधित लागत से इंडोर और आउटडोर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स विकसित किया जाएगा।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के दिशा-निर्देशों के तहत सचिव आवास एवं राज्य संपत्ति डॉ. आर. राजेश कुमार ने राज्य सचिवालय में दोनों परियोजनाओं की प्रगति और प्रस्तावित स्वरूप की समीक्षा की। उन्होंने निर्माण की गुणवत्ता, लागत, उपयोगिता और भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए योजनाओं को आगे बढ़ाने के निर्देश दिए।

अयोध्या में दिखेगी देवभूमि की झलक

अयोध्याधाम में प्रस्तावित उत्तराखंड राज्य अतिथि गृह को केवल ठहरने की सुविधा तक सीमित नहीं रखा जाएगा। इसे प्रदेश की सांस्कृतिक, धार्मिक और प्राकृतिक विरासत के परिचय केंद्र के रूप में विकसित करने की योजना है। परियोजना के लिए 6783.33 लाख रुपये का विस्तृत आगणन तैयार किया गया है।

अतिथि गृह के निर्माण में उत्तराखंड की पारंपरिक पहाड़ी वास्तुकला को प्रमुखता दी जाएगी। भवन की आंतरिक सजावट में भी प्रदेश की विशिष्ट पहचान दिखाई देगी। इसके अलग-अलग तलों को अलग विषयों के आधार पर सजाने की योजना बनाई गई है।

ओम पर्वत, ग्लेशियर, जिम कॉर्बेट नेशनल पार्क और पंचाचूली पर्वत शिखर जैसे उत्तराखंड के प्रमुख प्राकृतिक एवं सांस्कृतिक प्रतीकों को भवन की थीम में शामिल किया जाएगा। इससे अयोध्या पहुंचने वाले श्रद्धालु और पर्यटक उत्तराखंड की संस्कृति, प्रकृति और स्थापत्य से भी परिचित हो सकेंगे।

योजना से हटाया गया बारात घर

राज्य अतिथि गृह की शुरुआती योजना में बारात घर का निर्माण भी प्रस्तावित था, लेकिन समीक्षा के बाद इसे हटाने का निर्णय लिया गया है। अब भवन को पूरी तरह राज्य अतिथि गृह के निर्धारित मानकों और जरूरतों के अनुसार विकसित किया जाएगा।

अधिकारियों को भवन की गुणवत्ता, उपयोगिता और आकर्षक स्वरूप पर विशेष ध्यान देने को कहा गया है। सरकार का प्रयास है कि यह भवन अयोध्या में उत्तराखंड की ब्रांडिंग का भी प्रभावी माध्यम बने।

बैठक में अपर सचिव एवं राज्य संपत्ति अधिकारी अभिषेक रुहेला, उप सचिव हनुमान प्रसाद तिवारी और कार्यदायी संस्था उत्तराखंड पेयजल संसाधन विकास एवं निर्माण निगम की निर्माण इकाई देहरादून के परियोजना प्रबंधक राकेश चंद्र तिवारी उपस्थित रहे।

रुद्रपुर के मोदी मैदान में बनेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स

अयोध्या में राज्य अतिथि गृह के साथ ही रुद्रपुर विधानसभा क्षेत्र के मोदी मैदान में प्रस्तावित इंडोर एवं आउटडोर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स की भी समीक्षा की गई। इस परियोजना के संशोधित प्रस्ताव को विभागीय व्यय समिति की प्रक्रिया के तहत आगे बढ़ाया गया है।

स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का पहले तैयार किया गया आगणन 2374.56 लाख रुपये था। संशोधन के बाद इसकी अनुमानित लागत घटाकर 2332.05 लाख रुपये कर दी गई है। योजना का उद्देश्य क्षेत्र के युवाओं और खिलाड़ियों को एक ही परिसर में आधुनिक खेल सुविधाएं उपलब्ध कराना है।

जिम, बैडमिंटन और टेबल टेनिस की सुविधा

इंडोर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स की प्रारंभिक योजना में स्क्वैश और बिलियर्ड्स की सुविधाएं रखी गई थीं। संशोधित प्रस्ताव में इन्हें हटाकर जिम, टेबल टेनिस और बैडमिंटन को शामिल किया गया है।

आउटडोर परिसर में वॉलीबॉल, बास्केटबॉल, फुटबॉल, पिकलबॉल और टेनिस की सुविधाएं विकसित की जाएंगी। परिसर में करीब एक किलोमीटर लंबा साइकिलिंग रूट और ट्रैक पाथ भी बनाया जाएगा। खिलाड़ियों तथा आगंतुकों के लिए पर्याप्त संख्या में टॉयलेट और चेंजिंग रूम बनाने का प्रावधान भी योजना में रखा गया है।

लागत घटाने के लिए योजना में बदलाव

संशोधित प्रस्ताव में सुविधाओं को उपयोगी बनाए रखते हुए निर्माण लागत नियंत्रित करने का प्रयास किया गया है। इसी के तहत बाउंड्रीवाल की ऊंचाई कम कर उसके ऊपर लोहे की ग्रिल लगाने का प्रावधान किया गया है। इससे परियोजना की कुल अनुमानित लागत में कमी आई है।

टीएसी और नियोजन विभाग के परीक्षण के बाद 14 अगस्त 2026 को हुई विभागीय व्यय समिति की बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुसार प्रस्ताव में जरूरी संशोधन किए गए। उत्तराखंड पेयजल संसाधन विकास एवं निर्माण निगम, उधमसिंहनगर ने संशोधित आगणन समिति के समक्ष प्रस्तुत किया।

समिति ने संशोधित लागत को सैद्धांतिक सहमति देते हुए प्रस्ताव को व्यय वित्त समिति की मंजूरी के लिए भेजने का निर्णय लिया है।

गुणवत्ता और उपयोगिता पर रहेगा विशेष ध्यान

सचिव आवास एवं राज्य संपत्ति डॉ. आर. राजेश कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के दिशा-निर्देशों के अनुसार विकास परियोजनाओं को गुणवत्तापूर्ण, समयबद्ध और जनोपयोगी बनाना विभाग की प्राथमिकता है।

उन्होंने कहा कि अयोध्या का प्रस्तावित राज्य अतिथि गृह उत्तराखंड की धार्मिक, सांस्कृतिक और प्राकृतिक विरासत को देश-दुनिया के सामने प्रस्तुत करेगा। रुद्रपुर का स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स युवाओं और खिलाड़ियों को आधुनिक सुविधाएं देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।

डॉ. आर. राजेश कुमार के मुताबिक, दोनों योजनाओं की समीक्षा के दौरान गुणवत्ता, लागत, उपयोगिता और भविष्य की आवश्यकताओं को केंद्र में रखा गया है। प्रयास है कि स्वीकृति के बाद परियोजनाएं धरातल पर बेहतर परिणाम दें और लोगों के लिए उपयोगी साबित हों।

RELATED ARTICLES

BRICS Summit 2026: दिल्ली में ब्रिक्स देशों ने तय की आगे की राह, आतंकवाद से लेकर व्यापार और AI तक बड़े फैसले

नई दिल्ली। भारत की मेजबानी में आयोजित 18वें BRICS शिखर सम्मेलन ने वैश्विक राजनीति और अर्थव्यवस्था से जुड़े कई अहम मुद्दों पर सदस्य देशों...

पूर्व OSD के ठिकानों पर ED की कार्रवाई के बाद हरीश रावत का बड़ा कदम, कांग्रेस के दोनों पद छोड़ने का ऐलान

देहरादून। उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हरीश रावत ने पार्टी में अपने दो संगठनात्मक पद छोड़ने का फैसला किया है।...

Uttarakhand Parking: पहाड़ों में 63 पार्किंग प्रोजेक्ट पूरे, 4202 वाहनों की क्षमता; नैनीताल-कैंची धाम में भी बड़ी तैयारी

देहरादून। उत्तराखंड के पर्यटन शहरों और तीर्थ स्थलों पर बढ़ते वाहनों के दबाव के बीच पार्किंग सुविधाओं का विस्तार किया गया है। बीते चार...

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

खुशखबरीः अयोध्या में बनेगा उत्तराखंड का भव्य अतिथि गृह, रुद्रपुर को मिलेगा आधुनिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स

देहरादून। उत्तराखंड सरकार अयोध्या में प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान को नया मंच देने और रुद्रपुर में खिलाड़ियों को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा...

BRICS Summit 2026: दिल्ली में ब्रिक्स देशों ने तय की आगे की राह, आतंकवाद से लेकर व्यापार और AI तक बड़े फैसले

नई दिल्ली। भारत की मेजबानी में आयोजित 18वें BRICS शिखर सम्मेलन ने वैश्विक राजनीति और अर्थव्यवस्था से जुड़े कई अहम मुद्दों पर सदस्य देशों...

पूर्व OSD के ठिकानों पर ED की कार्रवाई के बाद हरीश रावत का बड़ा कदम, कांग्रेस के दोनों पद छोड़ने का ऐलान

देहरादून। उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हरीश रावत ने पार्टी में अपने दो संगठनात्मक पद छोड़ने का फैसला किया है।...

Uttarakhand Parking: पहाड़ों में 63 पार्किंग प्रोजेक्ट पूरे, 4202 वाहनों की क्षमता; नैनीताल-कैंची धाम में भी बड़ी तैयारी

देहरादून। उत्तराखंड के पर्यटन शहरों और तीर्थ स्थलों पर बढ़ते वाहनों के दबाव के बीच पार्किंग सुविधाओं का विस्तार किया गया है। बीते चार...

Recent Comments