देहरादून। प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना (PMVBRY) के प्रभावी क्रियान्वयन और जागरूकता को बढ़ाने के उद्देश्य से शुक्रवार को देहरादून के सेलाकुई स्थित Dixon Technologies (India) के कॉन्फ्रेंस हॉल में एक व्यापक सेमिनार आयोजित किया गया। कार्यक्रम में उत्तराखंड के औद्योगिक जगत, नियोक्ता संघों और श्रम विभाग के प्रतिनिधियों ने बड़ी संख्या में भाग लिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता श्रम एवं रोजगार मंत्रालय, भारत सरकार की उप महानिदेशक (रोजगार) अंजलि रावत ने की। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना देश में रोजगार सृजन की दिशा में एक निर्णायक कदम है, जिसका लक्ष्य युवाओं को औपचारिक क्षेत्र से जोड़ना और नियोक्ताओं को नए रोजगार अवसर सृजित करने के लिए प्रोत्साहित करना है। रावत ने बताया कि इस योजना के तहत नियोक्ताओं और कर्मचारियों दोनों को लाभ मिलेगा, जिससे सामाजिक सुरक्षा और औद्योगिक विकास को नई गति मिलेगी।
सेमिनार में कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) के देहरादून क्षेत्रीय कार्यालय की ओर से योजना की तकनीकी जानकारी को लेकर विस्तृत प्रस्तुति दी गई। वीडियो और पॉवरपॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से पात्रता, आवेदन प्रक्रिया, पोर्टल पर पंजीकरण और लाभ प्राप्त करने की शर्तों को विस्तार से समझाया गया।
क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त-I देहरादून, विश्वजीत सागर ने नियोक्ताओं के प्रश्नों का उत्तर देते हुए योजना की व्यावहारिक प्रक्रियाओं को स्पष्ट किया। वहीं हल्द्वानी के क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त-I सिद्धार्थ सिंह ने भी उद्योग प्रतिनिधियों को भरोसा दिलाया कि EPFO के सभी कार्यालय योजना के सुचारु क्रियान्वयन में पूर्ण सहयोग देंगे।
सेमिनार में उपस्थित नियोक्ताओं ने कहा कि इस प्रकार के संवाद कार्यक्रमों से सरकारी योजनाओं की समझ बढ़ती है और उन्हें जमीनी स्तर पर लागू करने में आसानी होती है। उन्होंने इसे युवाओं को औपचारिक रोजगार से जोड़ने की दिशा में एक स्वागतयोग्य पहल बताया। इस सेमिनार ने न केवल योजना के तकनीकी पहलुओं को स्पष्ट किया, बल्कि राज्य में औपचारिक रोजगार के नए अवसरों की दिशा में एक सकारात्मक संवाद की शुरुआत भी की।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से विश्वजीत सागर, सिद्धार्थ सिंह, उदित साह, जैनेंद्र कुमार, पंकज, मधु नेगी चौहान सहित श्रम एवं रोजगार मंत्रालय और EPFO के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। इसके साथ ही उत्तराखंड इंडस्ट्रियल वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष सुनील उनियाल, लघु उद्योग भारती सेलाकुई के अध्यक्ष विजय कुमार तोमर, SMAU इंटरनेशनल इंडस्ट्री एंड ट्रेड चैंबर के हरेश गोग तथा विभिन्न उद्योगों के नियोक्ता एवं प्रतिनिधि बड़ी संख्या में शामिल हुए।






