देहरादून। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) के तत्वावधान में आयोजित उत्तरी अंचल फुटबॉल टूर्नामेंट 2026-27 का उद्घाटन समारोह 24 अक्टूबर 2026 को देहरादून में हुआ। टूर्नामेंट में उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब और मुख्यालय (नई दिल्ली) की चार टीमें हिस्सा ले रही हैं।
टूर्नामेंट की अध्यक्षता क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त-I वीर विक्रम बहादुर सिंह कर रहे हैं। उद्घाटन समारोह में सीबीआई के उप महानिरीक्षक (DIG) मनीष जी. सुरती मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
उत्तराखंड की हिमाचल प्रदेश पर शानदार जीत
टूर्नामेंट के पहले दौर में टीमों का निर्धारण ड्रॉ के माध्यम से किया गया था। ड्रॉ के मुताबिक पंजाब और मुख्यालय (नई दिल्ली) के बीच पहला मुकाबला तथा उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के बीच दूसरा मुकाबला खेला गया।
मुख्यालय (नई दिल्ली) की टीम ने पंजाब को 1-0 से हराकर फाइनल में जगह बनाई। नई दिल्ली के सौरभ को मैन ऑफ द मैच चुना गया। वहीं, दूसरे मुकाबले में उत्तराखंड की टीम ने अपने मुकाबले में हिमाचल प्रदेश को 6-0 से करारी शिकस्त दी। इस मुकाबले में सुधीर चौहान को मैन ऑफ द मैच चुना गया। इस तरह उत्तराखंड और मुख्यालय (नई दिल्ली) की टीमें अब खिताबी मुकाबले में आमने-सामने होंगी।
25 अक्टूबर को खेला जाएगा फाइनल मुकाबला
टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला 25 अक्टूबर 2026 को खेला जाएगा, जिसमें उत्तराखंड और मुख्यालय (नई दिल्ली) की टीमें खिताब के लिए भिड़ेंगी। आयोजन के दौरान भविष्य निधि कार्यालय, देहरादून के कर्मचारियों की ओर से सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किया गया। आयोजकों के अनुसार टूर्नामेंट का उद्देश्य कर्मचारियों के बीच खेल भावना, अनुशासन, टीम भावना और आपसी सौहार्द को बढ़ावा देना है।









