चारधाम यात्रा मार्गों पर विशेष सतर्कता के निर्देश
संवेदनशील क्षेत्रों में अलर्ट रहें अधिकारी
आपदा प्रबंधन विभाग ने सभी जनपदों को संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने को कहा है। किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।इसके साथ ही आपदा प्रबंधन प्रणाली के अंतर्गत नामित अधिकारियों और विभागीय नोडल अधिकारियों को अलर्ट रहने तथा किसी भी घटना की सूचना मिलते ही त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया है।
भूस्खलन और सड़कें बंद होने की आशंका, मशीनरी तैयार रखने के निर्देश
पर्वतीय क्षेत्रों में खराब मौसम के दौरान भूस्खलन, सड़कें अवरुद्ध होने और अन्य आपात परिस्थितियों की आशंका को देखते हुए लोक निर्माण विभाग, राष्ट्रीय राजमार्ग, सीमा सड़क संगठन और अन्य संबंधित कार्यदायी संस्थाओं को अपनी मशीनरी तथा आवश्यक संसाधन तैयार रखने के निर्देश दिए गए हैं।सचिव ने कहा कि यदि किसी स्थान पर सड़क मार्ग बाधित होता है, तो संबंधित विभाग तत्काल कार्रवाई करते हुए मार्ग को सुचारु करने की व्यवस्था सुनिश्चित करें। इसका उद्देश्य आम जनता और यात्रियों को होने वाली असुविधा को कम करना तथा आपात परिस्थितियों में आवागमन को यथासंभव सुरक्षित बनाए रखना है।
प्रशासन ने तैयारियां पूरी रखने के दिए निर्देश
मौसम विभाग की चेतावनी के मद्देनजर राज्य में आपदा प्रबंधन से जुड़े अधिकारियों और संबंधित विभागों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन का जोर संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी, आपात संसाधनों की उपलब्धता और विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर है, ताकि मौसम खराब होने की स्थिति में तत्काल आवश्यक कदम उठाए जा सकें।









