देहरादून। डिपार्टमेंटल क्रिकेट लीग के चौथे सीजन की शुरूआत इस वर्ष एक अक्टूबर को फ्रैंडली मैच के साथ होगी। प्रतियोगिता में इस वर्ष केवल आठ टीमों को ही शामिल किया जाएगा, जिन्हें पहले आओ-पहले पाओ के आधार पर चुना जाएगा। प्रतियोगिता में कुल 33 मैच खेले जाएंगे। प्रतियोगिता के माध्यम से जलवायु परिवर्तन के प्रति जागरूकता फैलाने और पौधरोपण को प्रोत्साहित करने का काम किया जाएगा। प्रतियोगिता के मुकाबले दो से 24 अक्टूबर तक महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज मैदान में खेले जाएंगे।
बृहस्पतिवार को प्रेस क्लब सभागार में पत्रकारों से बातचीत करते हुए डीसीडीसीयू के अध्यक्ष राकेश जोशी ने प्रतियोगिता के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रत्येक मैच के मैन ऑफ द मैच और फाइटर ऑफ द मैच के साथ ही 10 से ज्यादा रन बनाने और दो विकेट लेने वाले खिलाड़ियों को एक-एक पौधा भी भेंट किया जाएगा। खिलाड़ियों को इस पौधे को लगाने का जीओ टैग फोटो डीसीडीसीयू को टैग करना होगा। प्रतियोगिता के बाद सभी सदस्य विभिन्न क्षेत्रों में पौधरोपण का अभियान चलाएंगे।
पांच वर्ष से कार्यरत संविदा कार्मिक भी होंगे टीम में शामिल
राकेश जोशी ने बताया कि टीम में सरकारी विभाग, निगम कार्मिक, शिक्षक, केन्द्रीय कार्मिक, राष्ट्रीयकृत बैक के कर्मचारी, सेवानिवृत्त शासकीय कार्मिक, पूर्व सैनिक के साथ ही पांच वर्ष से कार्यरत संविदा कार्मिक शामिल हो सकेंगे। इस साल निजी संस्थानों और अशासकीय विद्यालयों के कार्मिकों व शिक्षकों को टीम में शामिल नहीं किया जा सकेगा। उत्तराखण्ड पुलिस के स्पोर्ट्स कोटा के खिलाड़ी, गत वर्ष (2024) में स्टेट टीम में सम्मिलित/ क्लोज खिलाड़ी प्रतियोगिता का हिस्सा नहीं होंगे। साथ ही, उत्तराखण्ड पुलिस के 40 वर्ष से कम आयु के खिलाड़ी भी इस वर्ष के संस्करण में हिस्सा नहीं ले सकेंगे। 40 वर्ष या उससे अधिक उम्र के पुलिसकर्मी खेल सकते हैं। कोई भी फ्रेंचाइजी (टीम) अधिकतम चार पुलिसकर्मियों को अपनी टीम में शामिल कर सकती है।
प्रत्येक टीम का 20 खिलाड़ियों का होगा स्क्वाड
प्रत्येक टीम में 20 खिलाड़ियों का स्क्वाड होगा। इसके अतिरिक्त टीम मैनेजर, ऑनर, कोच व मेंटर भी हो सकते हैं। यदि ऑनर/कोच/मैनेजर खिलाड़ी के रूप में हैं तो उनकी गिनती 20 के स्क्वाड में ही होगी। प्रत्येक टीम बोली से पहले दो खिलाड़ियों को आईकन के रूप में चुन सकती है। अवशेष 18 खिलाडियों का चयन नीलामी के द्वारा किया जाएगा, जिन्हे क्रेडिट प्वाइन्ट बोली के आधार पर चुना जाएगा। खिलाड़ियों को एक हजार रुपये रजिस्ट्रेशन शुल्क अपने विभागीय डीडीओ कोड, संस्था में कार्यरत प्रमाण समेत ऑनलाइन जमा कराना होगा।
बोली के बाद नहीं हो पाएगी खिलाड़ियों की अदला-बदली (स्वैपिंग)
टीमों को बोली के बाद किसी भी खिलाड़ी की अदला-बदली (स्वैपिंग) की अनुमति नहीं होगी। फ्रैंचाइजी को 22 से 25 अगस्त तक टीम चुनने का समय दिया जाएगा। 27 अगस्त से पांच सितंबर तक खिलाड़ियों का ऑनलाइन पंजीकरण होगा। डीसीडीसीयू की वेबसाइट पर अंकित नियमों का पालन और अभिलेख उपलब्ध कराने पर ही रजिस्ट्रेशन होगा। रजिस्टर्ड खिलाड़ियों की नीलामी 14 सितंबर को होगी।
डीसीडीसीयू के कई अन्य पदाधिकारी भी रहे मौजूद
पत्रकार वार्ता के दौरान डिर्पामेंटल क्रिकेट कमेटी ऑफ उत्तराखंड के सचिव सतेंद्र सिंह रावत, वरिष्ठ उपाध्यक्ष भानू रावत, उपाध्यक्ष विकास रावत, संयुक्त सचिव प्रवेश सेमवाल, मुख्य कार्यकारी अधिकारी लोकेश नौटियाल, चयनकर्ता अरूण राणा, आडिटर हिमांशु सिंह, मीडिया प्रभारी अरविन्द बिष्ट समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।






