देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दीपावली के अवसर पर गढ़वाल रेजीमेंट के जवानों के साथ त्योहार की खुशियां साझा कीं। गढ़ीकैंट स्थित गढ़वाल ग्रीन्स प्रशिक्षण मैदान में आयोजित दीपावली मिलन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने सैनिकों को अपने हाथों से मिठाई खिलाई और उन्हें पर्व की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान उन्होंने जवानों से आत्मीय बातचीत की और देश की सुरक्षा के लिए उनके त्याग, शौर्य तथा समर्पण को नमन किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि त्योहारों की असली खुशी अपनों के बीच होती है, लेकिन देश के सैनिक पर्व के दिनों में भी अपने घर-परिवार से दूर रहकर सीमाओं और देश की सुरक्षा में जुटे रहते हैं। उन्होंने कहा कि गढ़वाल रेजीमेंट के जवानों के बीच पहुंचकर उन्हें अपने परिवार के साथ दीपावली मनाने जैसा अनुभव हो रहा है। सैनिक उनके लिए परिवार का हिस्सा हैं। उन्होंने कहा, “हमारे घरों में जलने वाले दीपों के पीछे सैनिकों का त्याग और उनके परिवारों का समर्पण भी है।”
सैनिक परिवार से जुड़ी यादें कीं साझा
जवानों के बीच मुख्यमंत्री ने अपने बचपन और परिवार से जुड़ी स्मृतियां भी साझा कीं। उन्होंने बताया कि उनका जन्म सैनिक परिवार में हुआ है। उनके पिता ने सेना में रहते हुए उन्हें देशसेवा, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा के संस्कार दिए। पिता अक्सर गढ़वाल रेजीमेंट के वीर सैनिकों की शौर्यगाथाएं सुनाया करते थे।
मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से महावीर चक्र से सम्मानित अमर शहीद जसवंत सिंह रावत के साहस और बलिदान का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि वर्ष 1962 के भारत-चीन युद्ध में नूरानांग मोर्चे पर जसवंत सिंह रावत का पराक्रम भारतीय सैन्य इतिहास का गौरवशाली अध्याय है। उसी रेजीमेंट के जवानों के बीच उपस्थित होना उनके लिए गर्व और भावुकता से भरा अवसर है।
धामी ने अमर शहीद जसवंत सिंह रावत सहित देश की रक्षा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले सभी सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि गढ़वाल रेजीमेंट का इतिहास साहस, अनुशासन, राष्ट्रभक्ति और बलिदान की मिसालों से भरा है। विश्व युद्धों से लेकर आजादी के बाद के विभिन्न युद्धों और सैन्य अभियानों तक इसके जवानों ने अपनी वीरता का परिचय दिया है।
सैन्य शक्ति मजबूत करने के लिए उठाए जा रहे कदम
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की सैन्य शक्ति और सामरिक क्षमता को लगातार मजबूत किया जा रहा है। सर्जिकल स्ट्राइक, एयर स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि भारत ने स्पष्ट कर दिया है कि राष्ट्रीय सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
उन्होंने रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता, सेनाओं के आधुनिकीकरण और स्वदेशी रक्षा उपकरणों के निर्माण को बढ़ावा दिए जाने की बात कही। साथ ही सीमावर्ती क्षेत्रों में सड़कों, पुलों, सुरंगों और संचार सुविधाओं के विस्तार को भी सैन्य तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण बताया।
शहीदों के आश्रितों को 50 लाख रुपये की अनुग्रह राशि
मुख्यमंत्री ने कहा कि सैनिकों, पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों का कल्याण राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने बताया कि शहीद सैनिकों के आश्रितों को दी जाने वाली अनुग्रह राशि 10 लाख रुपये से बढ़ाकर 50 लाख रुपये की गई है। शहीद के परिवार के एक सदस्य को सरकारी सेवा में नियुक्ति देने की व्यवस्था के तहत कई आश्रितों को नौकरी दी गई है। इसके लिए आवेदन की समय-सीमा भी दो वर्ष से बढ़ाकर पांच वर्ष कर दी गई है।
धामी ने बताया कि देहरादून में निर्माणाधीन सैन्यधाम का काम भी लगभग पूरा हो चुका है। यह सैन्यधाम देश की रक्षा में प्राण न्योछावर करने वाले वीर सैनिकों के शौर्य और बलिदान का प्रतीक बनेगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सैनिक परिवारों की समस्याओं के समाधान और उन्हें हरसंभव सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सैनिक केवल देश की सीमाओं की रक्षा नहीं करते, बल्कि करोड़ों देशवासियों के सुरक्षित जीवन और खुशियों के भी प्रहरी हैं। उन्होंने जवानों के साथ उनके परिवारों के त्याग को भी नमन किया और सभी के सुख, समृद्धि तथा उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।
कार्यक्रम में गढ़वाल मंडल आयुक्त आनंद स्वरूप, पुलिस महानिरीक्षक गढ़वाल परिक्षेत्र राजीव स्वरूप, उत्तराखण्ड सब एरिया के डिप्टी जीओसी ब्रिगेडियर आर.एस. थापा, कर्नल प्रतुल थपलियाल, लेफ्टिनेंट कर्नल रवि मोहन बिष्ट, लेफ्टिनेंट कर्नल मोहित जोशी, लेफ्टिनेंट कर्नल एस.एस. सिद्दीकी, मेजर के.डी. सिंह और सूबेदार मेजर रघुवीर सिंह भंडारी सहित सैन्य अधिकारी एवं जवान मौजूद रहे।









