देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को हिमालयन सांस्कृतिक केंद्र, नींबूवाला, देहरादून में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। अवसर था अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस का। मुख्यमंत्री ने प्रदेश के सभी वरिष्ठ नागरिकों को शुभकामनाएँ दीं और उन्हें सम्मानित भी किया। इस दौरान उन्होंने वरिष्ठ नागरिक सम्मान संकल्प दिलाया तथा मां के नाम पर एक पौधा भी रोपा। कार्यक्रम के अंतर्गत मुख्यमंत्री ने वृद्धजनों की सेवा के लिए समर्पित निशुल्क एंबुलेंस वैन का शुभारंभ किया और वरिष्ठ नागरिकों की वाकथन रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
“वरिष्ठ नागरिक समाज के स्तंभ” : सीएम धामी
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि वरिष्ठ नागरिक हमारे समाज के स्तंभ हैं। उनका आशीर्वाद और अनुभव पूरी समाज के लिए मार्गदर्शक है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार और केंद्र सरकार बुजुर्गों के सम्मान, सुरक्षा, स्वास्थ्य और कल्याण के लिए निरंतर काम कर रही हैं।
मुख्यमंत्री ने अटल वयोअभ्युदय योजना, प्रधानमंत्री वय वंदना योजना, राष्ट्रीय वयोश्री योजना और वृद्धावस्था पेंशन योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश में लगभग छह लाख बुजुर्गों को पेंशन की राशि सीधे डीबीटी के जरिए बैंक खातों में दी जा रही है।
वृद्धाश्रमों की व्यवस्था हो रही सुदृढ़
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में वृद्धाश्रमों की व्यवस्था लगातार मजबूत की जा रही है। वर्तमान में बागेश्वर, चमोली और उत्तरकाशी जिलों में राजकीय वृद्धाश्रम संचालित हैं, जबकि देहरादून, अल्मोड़ा और चंपावत में नए भवनों का निर्माण जारी है। केंद्र सरकार के सहयोग से रुद्रपुर (उधम सिंह नगर) में मॉडल वृद्धाश्रम का निर्माण किया जा रहा है। वहीं रुद्रप्रयाग, टिहरी, पौड़ी और पिथौरागढ़ जिलों में भी वृद्धाश्रम स्थापित करने की प्रक्रिया चल रही है।
वरिष्ठ नागरिकों की देखभाल के लिए प्रशिक्षित स्टाफ
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि जेरियाट्रिक केयर गिवर प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत विशेषज्ञों को प्रशिक्षित किया जा रहा है। इस वर्ष 150 मास्टर ट्रेनर और केयर गिवर तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय वयोश्री योजना के अंतर्गत वृद्धजनों को सहायक उपकरण दिए जा रहे हैं। इस वर्ष 1,300 वरिष्ठ नागरिकों की निशुल्क मोतियाबिंद सर्जरी का लक्ष्य रखा गया है। साथ ही, बुजुर्गों के अधिकारों की रक्षा के लिए “माता-पिता एवं वरिष्ठ नागरिक भरण-पोषण अधिनियम” लागू है।
कार्यक्रम में मौजूद रहे कई गणमान्य अतिथि
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, वरिष्ठ नागरिक कल्याण परिषद के अध्यक्ष रामचंद्र गौड़, उपाध्यक्ष शांति मेहरा, हरक सिंह नेगी, एससी आयोग के अध्यक्ष मुकेश कुमार, सचिव समाज कल्याण डॉ. श्रीधर बाबू अद्दांकी और निदेशक समाज कल्याण चंद्रसिंह धर्मशक्तू मौजूद रहे।






