देहरादून। राजधानी देहरादून में एक बार फिर हत्या की एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जिसने शहर में कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पिछले कुछ हफ्तों में लगातार आपराधिक घटनाओं के बाद सरकार ने बड़ा कदम उठाया है और देर शाम वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून अजय सिंह को हटा दिया गया तथा कई अन्य आईपीएस अधिकारियों के तबादले किए हैं।
आज सुबह देहरादून के सिल्वर सिटी मॉल के पास राजपुर रोड पर एक व्यवसायी को गोली मारकर हत्या कर दिया गया। पुलिस के अनुसार, मृतक 45 वर्षीय विक्रम शर्मा था, जिसका शहर में आपराधिक पृष्ठभूमि और कई आपराधिक मुकदमे दर्ज थे। इस घटना ने शहर के लोगों में भय और आक्रोश फैलाया है। यह हत्या पिछले 15 दिनों में पांचवीं हत्या मानी जा रही है, जिनमें विभिन्न स्थानों पर दिनदहाड़े और रात में गोलीबारी तथा धारदार हथियार से वारदात शामिल हैं।
पुलिस और प्रशासन पर बढ़ते आपराधिक मामलों का दबाव बढ़ता जा रहा है। पुलिस मुख्यालय के अधिकारियों ने बताया कि लगातार बढ़ती हत्याओं और गंभीर अपराधों को रोकने में विफलता के मद्देनजर वरिष्ठ प्रशासनिक फैसले लिए गए हैं। इसी कड़ी में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बड़े स्तर पर पुलिस अधिकारियों के तबादलों को मंजूरी दी।
सबसे बड़ा निर्णय यह रहा कि एसएसपी देहरादून अजय सिंह को उनकी वर्तमान पोस्टिंग से हटा दिया गया है और उन्हें अब स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) में तैनात किया गया है। उनके स्थान पर हरिद्वार के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र डोभाल को देहरादून का नया पुलिस कप्तान नियुक्त किया गया है। उसी क्रम में अन्य जिलों जैसे हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर के कप्तानों तथा कई आईपीएस/पीपीएस अधिकारियों के स्थानांतरण किए गए हैं, जिसमें लगभग 20 वरिष्ठ अधिकारियों का फेरबदल शामिल है।
पुलिस इस समय वारदात की सीसीटीवी फुटेज, गवाह बयानों और संभावित अपराधी पतों का गहन विश्लेषण कर रही है और मामले को जल्द सुलझाने का दावा कर रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर आरोपियों के सुराग मिले हैं। सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। साथ ही, आरोपियों के संभावित ठिकानों पर भी छापेमारी की जा रही है।






