ऋषिकेश। श्री देव सुमन उत्तराखंड विश्वविद्यालय से संबद्ध महाविद्यालयों के खिलाड़ी अक्टूबर से दिसंबर तक 11 खेलों में अपनी प्रतिभा दिखाएंगे। विश्वविद्यालय ने सत्र 2026–27 की अंतरमहाविद्यालयी प्रतियोगिताओं का कार्यक्रम घोषित कर दिया है। पहला मुकाबला शतरंज का होगा, जो 6 और 7 अक्टूबर को आयोजित किया जाएगा। कैलेंडर की अंतिम प्रतियोगिता खो-खो की होगी, जिसके लिए 4 और 5 दिसंबर की तिथियां तय की गई हैं।
कुलपति प्रो. अम्बरीश कुमार महाजन की अध्यक्षता में आयोजित क्रीड़ा परिषद की बैठक में लिए गए निर्णयों के अनुसार विभिन्न महाविद्यालयों और संस्थानों को आयोजन की जिम्मेदारी सौंपी गई है। विश्वविद्यालय ने सभी संबद्ध संस्थानों से समय रहते अपनी टीमों का पंजीकरण कराने को कहा है।
ओआईएमटी में शतरंज, मालदेवता में वॉलीबॉल
शतरंज प्रतियोगिता की मेजबानी ओआईएमटी संस्थान, टिहरी गढ़वाल करेगा। मुकाबले 6 एवं 7 अक्टूबर को होंगे और पंजीकरण 3 अक्टूबर तक कराया जा सकेगा।
इसके बाद 9 और 10 अक्टूबर को राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, मालदेवता, देहरादून में वॉलीबॉल की महिला एवं पुरुष प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। इनमें भाग लेने वाली टीमों को 5 अक्टूबर तक पंजीकरण कराना होगा।
साहिया में कबड्डी और नई टिहरी में टेबल टेनिस
कबड्डी के महिला एवं पुरुष मुकाबले 13 और 14 अक्टूबर को सरदार महिपाल राजेंद्र जनजातीय (पीजी) कॉलेज, साहिया, देहरादून में खेले जाएंगे। इसके लिए पंजीकरण की अंतिम तिथि 8 अक्टूबर है। जारी कार्यक्रम में कबड्डी प्रतियोगिता के लिए अधिकतम वजन सीमा 85 किलोग्राम निर्धारित की गई है।
टेबल टेनिस प्रतियोगिता 16 एवं 17 अक्टूबर को राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, नई टिहरी में होगी। प्रतिभाग के लिए 10 अक्टूबर तक पंजीकरण कराया जा सकेगा।
हरिद्वार में एथलेटिक्स, देहरादून में क्रिकेट
एचईसी ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस, हरिद्वार में 30 और 31 अक्टूबर को एथलेटिक्स प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इसके लिए पंजीकरण की अंतिम तिथि 25 अक्टूबर रखी गई है।
पुरुष क्रिकेट प्रतियोगिता 3 से 7 नवंबर तक आईटीएम कॉलेज, देहरादून में होगी। क्रिकेट में हिस्सा लेने वाली टीमों को भी 25 अक्टूबर तक अपना पंजीकरण सुनिश्चित करना होगा।
बैडमिंटन और फुटबॉल के लिए 10 नवंबर तक पंजीकरण
बैडमिंटन की महिला एवं पुरुष प्रतियोगिताएं 13 और 14 नवंबर को ओआईएमटी संस्थान, टिहरी गढ़वाल में आयोजित होंगी। वहीं, पुरुष फुटबॉल के मुकाबले 18 एवं 19 नवंबर को पंडित ललित मोहन शर्मा श्रीदेव सुमन परिसर, ऋषिकेश में खेले जाएंगे। दोनों प्रतियोगिताओं के लिए पंजीकरण की अंतिम तिथि 10 नवंबर निर्धारित की गई है।
कोटद्वार में योग, दिसंबर में कुश्ती और खो-खो
योग महिला एवं पुरुष प्रतियोगिता 26 और 27 नवंबर को राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, कोटद्वार में होगी। इसके लिए 20 नवंबर तक पंजीकरण किया जा सकेगा।
कुश्ती की महिला एवं पुरुष प्रतियोगिताओं का आयोजन 1 और 2 दिसंबर को सीआईएमएस एंड यूआईएचएमटी ग्रुप ऑफ कॉलेज, देहरादून में किया जाएगा। पंजीकरण की अंतिम तिथि 25 नवंबर है।
खो-खो महिला एवं पुरुष प्रतियोगिता की मेजबानी एसएमजेएन कॉलेज, हरिद्वार करेगा। मुकाबले 4 एवं 5 दिसंबर को होंगे, जबकि पंजीकरण 28 नवंबर तक कराया जा सकेगा।
खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का मंच मिलेगा: पुष्कर गौड़
क्रीड़ा परिषद के सचिव पुष्कर गौड़ ने कहा कि विश्वविद्यालय खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए लगातार काम कर रहा है। इन 11 खेलों की प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। साथ ही दूसरे महाविद्यालयों के खिलाड़ियों के साथ मुकाबला करने से उनका प्रतिस्पर्धात्मक अनुभव भी बढ़ेगा।
कुलपति प्रो. अम्बरीश कुमार महाजन ने प्रतिभागी खिलाड़ियों और आयोजक महाविद्यालयों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय खेल के क्षेत्र में निरंतर अग्रणी भूमिका निभा रहा है। उन्होंने आयोजनों की सफलता और खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
एक दिन पहले शाम चार बजे तक पहुंचना होगा
विश्वविद्यालय ने टीमों को संबंधित आयोजक महाविद्यालय से संपर्क कर निर्धारित समय के भीतर पंजीकरण कराने के निर्देश दिए हैं। प्रतियोगिता शुरू होने से एक दिन पहले शाम 4 बजे तक आयोजन स्थल पर पहुंचना आवश्यक होगा।
खिलाड़ियों को शैक्षणिक प्रमाणपत्रों की मूल प्रतियां और छायाप्रतियां साथ लानी होंगी। चिकित्सा प्रमाणपत्र भी अनिवार्य होगा। सभी प्रतिभागी टीमों को एआईयू की ओर से निर्धारित नियमों का पालन करना होगा।






