देहरादून। राजधानी देहरादून में आपराधिक घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। मंगलवार रात बेखौफ बदमाशों ने एक निजी बैंककर्मी को निशाना बनाते हुए गोली चला दी। युवक अपनी चचेरी बहन के साथ स्कूटी से घर जा रहा था। गोली उसके पेट को छूकर निकल गई। घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
घटना बड़ोवाला क्षेत्र की है। घायल की पहचान डीएसपी चौक निवासी सत्यम के रूप में हुई है, जो पटेलनगर स्थित उज्जीवन बैंक में कार्यरत हैं। बताया गया कि वह रात करीब आठ बजे चचेरी बहन के साथ स्कूटी से घर की ओर जा रहे थे।
रास्ते में एक बाइक सवार युवकों ने उनकी स्कूटी के सामने बाइक रोक दी। सत्यम और उनकी बहन कुछ समझ पाते, उससे पहले बाइक पर सवार एक युवक ने उन पर गोली चला दी। गोली पेट को छूती हुई निकल गई, जबकि हमलावर मौके से फरार हो गए।
फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंच गए। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और घायल को एंबुलेंस से श्रीमहंत इंदिरेश अस्पताल भेजा गया। डॉक्टरों ने सत्यम की स्थिति को फिलहाल खतरे से बाहर बताया है।
पुलिस सत्यम की चचेरी बहन से हमलावरों और घटना के क्रम की जानकारी ले रही है। अभी तक यह साफ नहीं हो सका है कि वारदात के पीछे पुरानी रंजिश थी, रास्ते का विवाद था या कोई अन्य कारण। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और संदिग्ध बाइक सवारों की तलाश में क्षेत्र में चेकिंग बढ़ा दी गई है।
पटेलनगर इलाके में बीते कुछ दिनों में गोली चलने की यह दूसरी घटना है। इससे पहले 20 अगस्त को शिमला बाईपास तिराहे के पास दो पक्षों के विवाद में फायरिंग हुई थी, जिसमें एक युवक घायल हुआ था।






