देहरादून। प्रेमनगर में टी-स्टेट से लगे रिहायशी क्षेत्रों की सुरक्षा और सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए स्थानीय लोगों, टी-स्टेट प्रबंधन और कैंटोनमेंट बोर्ड के बीच संयुक्त कार्ययोजना बनाने पर सहमति बनी है। बैठक में बाउंड्री वॉल, तारबाड़, सुरक्षा गार्ड, स्ट्रीट लाइट और सीसीटीवी कैमरे लगाने जैसे मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
21 देहरादून कैंट विधानसभा क्षेत्र के प्रेमनगर इलाके में भाजपा के वरिष्ठ नेता जोगेंद्र पुंडीर के नेतृत्व में यह बैठक आयोजित की गई। इसमें टी-स्टेट के मैनेजर नीरज शर्मा, सुरक्षा अधिकारी सूरज थापा, कैंटोनमेंट बोर्ड के उपाध्यक्ष विनोद पंवार और क्षेत्रवासी मौजूद रहे।
स्थानीय लोगों ने बताया कि टी-स्टेट की जमीन से सटे कई रिहायशी हिस्सों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत किए जाने की जरूरत है। बैठक में तय किया गया कि जहां बाउंड्री वॉल की आवश्यकता है, वहां दीवार निर्माण के लिए प्रस्ताव तैयार किया जाएगा। जिन स्थानों पर दीवार बनाना संभव नहीं है, वहां तारबाड़ लगाई जाएगी। संवेदनशील हिस्सों में सुरक्षा गार्डों की तैनाती की जरूरत पर भी सहमति बनी।
टी-स्टेट प्रबंधन ने जमीन की नियमित साफ-सफाई कराने और जरूरी सुरक्षा कार्यों को जल्द शुरू करने का भरोसा दिया। वहीं, क्षेत्रवासियों ने भी टी-स्टेट से सटे हिस्सों और सड़क किनारों पर कूड़ा न फेंकने तथा स्वच्छता अभियान में सहयोग करने की बात कही।
बैठक में यह भी तय किया गया कि स्थानीय नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, कैंटोनमेंट बोर्ड और टी-स्टेट प्रबंधन के बीच बेहतर समन्वय के लिए एक समिति बनाई जाएगी। समिति क्षेत्र की समस्याओं, साफ-सफाई और सुरक्षा से जुड़े कामों की निगरानी करेगी।
सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कुछ स्थानों पर पथ प्रकाश व्यवस्था सुधारने और सीसीटीवी कैमरे लगाने का भी प्रस्ताव रखा गया। कैंटोनमेंट बोर्ड और स्थानीय जनप्रतिनिधियों के सहयोग से इन कार्यों को आगे बढ़ाया जाएगा। बैठक में खिलाफ सिंह बिष्ट, हीरा सिंह गोसाईं, सुरेंद्र राठौर, राजेश सेन, सुप्रिया डोभाल समेत कई क्षेत्रवासी मौजूद रहे।






