देहरादून। उत्तराखंड के प्रसिद्ध उद्योगपति डा. केएस पंवार ने एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। उद्योग के क्षेत्र में विभिन्न उपलब्धियां हासिल करने और युवाओं को प्रेरित करने के लिए उन्हें प्रतिष्ठित महात्मा गांधी लीडरशिप अवॉर्ड से नवाजा गया है। यह सम्मान समारोह बीते 12 अगस्त को प्रतिष्ठित ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी में आयोजित हुआ।
लॉर्ड मेयर ऑफ ऑक्सफोर्ड काउंसिल चैंबर में एनआरआई वेलफेयर सोसाइटी की ओर से आयोजित सम्मान समारोह में दुनियाभर की उन प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया, जिन्होंने अपने कार्यों और उपलब्धियों के जरिये समाज को नई दिशा दिखाने का काम किया है। उत्तराखंड के प्रसिद्ध उद्योगपति डा. केएस पंवार को उनकी उपलब्धियों के लिए यह प्रतिष्ठित सम्मान प्रदान किया गया।
डा. केएस पंवार ने पॉलिगन कैमिकल्स और सोशल फाइनेंस जैसे नवाचारों के जरिये सैकड़ों लोगों की जिंदगी बदलने का काम किया है। उद्योग क्षेत्र में उनको कई उपलब्धियों को हासिल किया है, जिससे वह हजारों लोगों के लिए प्रेरणास्त्रोत बने हैं।
रुद्रप्रयाग से निकलकर कमाया नाम
डा. केएस पंवार मूलतः रुद्रप्रयाग जनपद के निवासी हैं। उन्होंने मुंबई में पॉलिगन कैमिकल्स के रूप में अपनी पहली कंपनी की शुरूआत की। बाद में, उन्होंने कई अन्य कंपनियों की स्थापना की। मौजूदा समय में वह प्रदेश के सबसे बड़े उद्योगपतियों में शुमार हैं। वह कई हजार लोगों को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार दे रहे हैं।
शांत स्वभाव और व्यापक विजन का मेल
डा. केएस पंवार बेहद शांत स्वभाव और व्यापक विजन वाले व्यक्ति हैं। उद्योगों के जरिये कैसे उत्तराखंड जैसे विषम भौगोलिक परिस्थितियों वाले राज्य में रोजगार के अवसर बढ़ाए जा सकते हैं, इसको लेकर वह पिछले लंबे समय से काम कर रहे हैं। मुंबई और देहरादून में उनके कारोबारी साम्राज्य का विस्तार है, उसके बावजूद अपने गांव से वह आज भी जुड़े हैं। उन्होंने अपने गांव में न सिर्फ शानदार मकान बनाया है बल्कि बागवानी भी कर रहे हैं।






